Severe cold and dense fog wreak havoc in Uttarakhand, orange alert issued
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी घना कोहरा छाए रहने से शुक्रवार को शीत दिवस जैसी स्थिति भी बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, नैनीताल व पौड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में भीषण शीत दिवस को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इन क्षेत्रों में घने कोहरे की भी संभावना भी जताई गई है।
वहीं उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार भी हैं। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक बताई जा रही है, जिससे प्रदेशभर के तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि नए साल पर मौसम करवट ले सकता है। 30 और 31 दिसंबर को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान भी है।
