Dehradun Three youths arrested for bullying in a Bolero with Uttarakhand government's name plate
देहरादून: पुलिस ने रविवार को उत्तराखंड शासन की नेम प्लेट लगी बोलेरो में दबंगई करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपित नकली पिस्टल दिखाकर सरेआम दहशत फैला रहे थे। इनकी दबंगई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसे एसएसपी अजय सिंह ने स्वत: संज्ञान लेकर पुलिस को तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपितों को पकड़ लिया।
तीन आरोपित गिरफ्तार: पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहम्मद असलम, बिलाल हुसैन (निवासी हरभजवाला), और दानिश (निवासी मेहुंवाला माफी खादर) को आइएसबीटी से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में यह पता चला कि आरोपित जिस पिस्टल को लहरा रहे थे, वह एक खिलौना था। साथ ही, यह भी खुलासा हुआ कि बोलेरो वाहन सिंचाई विभाग में अनुबंध पर लिया गया था।
चोरी की वारदात: वहीं, डालनवाला क्षेत्र में एक अधिवक्ता के घर चोरी का मामला सामने आया है। घर के ताले तोड़कर चोरों ने चांदी के बर्तन, रसोई के नल और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
चोरी की शिकायत देने वाली डा. माला भारतीय ने बताया कि वह अपने पिता के निधन के बाद रामनगर क्रिया-कर्म के लिए गई थीं। वापस आने पर घर का ताला टूटा हुआ पाया और घर में सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने रसोई के नल, चांदी के बर्तन और अन्य कीमती वस्तुएं चुरा ली थीं।
पुलिस कार्रवाई: शहर कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

