Waqf Amendment Bill passed in Rajya Sabha, Chief Minister Dhami and BJP supported
नई दिल्ली/देहरादून: वक्फ संशोधन बिल पर गुरुवार रात उच्च सदन यानी राज्यसभा में मुहर लग गई। 12 घंटे लंबी चर्चा के बाद इस बिल को पारित किया गया। बिल के पास होने के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात ने इस विधेयक का समर्थन किया और मुस्लिम समुदाय को आश्वस्त किया कि इससे मस्जिदों, दरगाहों, ईदगाहों या कब्रिस्तानों जैसी संपत्तियों को कोई खतरा नहीं होगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बिल पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे पारदर्शिता, न्याय और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी बताया। उन्होंने कहा कि यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता, कानूनी स्पष्टता और न्यायिक संतुलन स्थापित करने का उद्देश्य रखता है। सीएम धामी ने यह भी कहा कि यह विधेयक किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस बिल के लागू होने से झूठे और अवैध दावों पर रोक लगेगी, जिससे भूमि और संपत्ति से जुड़े विवादों का निष्पक्ष समाधान हो सकेगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग न हो और उनका उपयोग समाज के व्यापक हित में हो।

