Congress expressed concern over avalanche in Mana, raised questions on disaster management
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चमोली जिले के माणा में हुए हिमस्खलन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बर्फ में दबे श्रमिकों के सकुशल निकाले जाने की कामना भी की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद आपदा प्रबंधन पूरी तरह से सतर्क ही नहीं रहा।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और महामंत्री नवीन जोशी ने आपदा प्रबंधन तंत्र पर सवाल खड़े किए। उनका कहना था कि मौसम विभाग ने 3 दिन पहले ही पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम और भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी। इसके बावजूद प्रशासन और आपदा प्रबंधन ने श्रमिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कोई प्रभावी कदम ही नहीं उठाए, जो कि गंभीर चूक भी है।
कांग्रेस नेताओं ने इस लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की और प्रदेश सरकार से बर्फ में दबे श्रमिकों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू करने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह से विफल साबित हुआ है।
