Haridwar Medicines reached Haridwar Jail from Rishikesh AIIMS in 23 minutes through drone, samples were also sent.
देहरादून : एम्स ऋषिकेश से अब ड्रोन के जरिये जिला कारागार रोशनाबाद में हेपेटाइटिस सी से पीड़ित कैदियों के लिए दवाइयां पहुंचाई। करीब 23 मिनट के अंदर ड्रोन एम्स ऋषिकेश से रोशनाबाद दवाइयां लेकर पहुंचा।
जेल प्रशासन के मुताबिक, पिछले माह कुछ कैदियों के सैंपल लेकर जांच के लिए एम्स ऋषिकेश में भेजे गए थे। जांच में 10 कैदियों में हेपेटाइटिस सी की पुष्टि भी हुई थी। इसके बाद एम्स के विशेषज्ञों ने दवाइयां शुरू करने की सलाह भी दी थी। यह दवाइयां एम्स की ओर से ही कैदियों को मुहैया भी कराई जानी थी। जिनको दूसरी जगह से भी मंगवाया गया।
आज बुधवार को 10 मरीजों की हेपेटाइटिस सी रोग से बचाव करने के लिए दवाइयां को लेकर ड्रोन सुबह 11:30 बजे ऋषिकेश से रवाना हुआ। एम्स की डायरेक्टर मीनू सिंह व डॉक्टर अजीत भदोरिया ने ड्रोन को रवाना किया और करीब 23 मिनट बाद ही ड्रोन हरिद्वार जिला कारागार पहुंच गया। यहां वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य व फार्मासिस्ट ने दवाइयां को प्राप्त भी किया। इसके बाद प्रत्येक कैदी को दवाइयां मुहैया भी कराई गई।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि प्रत्येक कैदी की दवाई करीब 36 हजार रूपये की है। कुल 3 लाख 60 हजार की दवाई एम्स ऋषिकेश की ओर से ही दी गई है। जेल से 10 कैदियों के सैंपल लेकर ड्रोन के जरिए एम्स ऋषिकेश में जांच के लिए भेजे गए हैं। सैंपल अलग-अलग जांच कराने के लिए भी भेजे गए हैं।
