उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बनेंगे 17 नए मिनी स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

देहरादून: प्रदेश के खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए 17 नए मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे। इन स्टेडियमों के बनने से ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

युवा कल्याण विभाग के तहत टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ व पौड़ी समेत कई जिलों में 11 मिनी स्टेडियम प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि 6 स्टेडियमों का निर्माण कार्य पहले से जारी है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार टिहरी जिले के नैलचामी व घरगांव डांडा, पिथौरागढ़ के ग्यालदेवी, उत्तरकाशी के ग्राम पंचायत भंकोली स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर, पौड़ी जिले के एकेश्वर ब्लॉक मुख्यालय व दुगड्डा में मिनी स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा नैनीताल जिले के भीमताल, चंपावत के बनबसा, बागेश्वर के देवतोली व अल्मोड़ा जिले के छौलछीना में भी मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

खेल मंत्री के अनुसार वर्तमान में राज्य में खेल विभाग के 30 और युवा कल्याण विभाग के 102 मिनी स्टेडियम संचालित भी हैं। नए स्टेडियम बनने से प्रदेश में खेल गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा व ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।