15 minutes of darkness in Muslim dominated areas in protest against the amendment in Waqf Board Act
देहरादून, सहसपुर: केंद्र सरकार द्वारा वक्फ बोर्ड कानून में किए गए संशोधन के विरोध में बुधवार रात सहसपुर क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली बुझाकर 15 मिनट तक अंधेरा भी किया। इस शांतिपूर्ण विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया है।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने इस संशोधन पर आपत्ति जताते हुए देश भर के मुस्लिम समुदाय से अपने-अपने क्षेत्रों में 15 मिनट तक लाइट बंद करने की अपील भी की थी। इसी आह्वान के तहत सहसपुर, खुशहालपुर, केदारावाला, लक्ष्मीपुर, सिंघनीवाला व बड़ा रामपुर जैसे क्षेत्रों में रात 9 बजे बिजली बंद कर विरोध भी दर्ज कराया गया।
स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर वक्फ कानून में संशोधन पर नाराजगी जाहिर की व मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के विरोध का समर्थन भी किया।
सहसपुर थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि इस दौरान क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त के लिए पुलिस टीम तैनात की गई थी। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव से शांति भंग या कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई भी सूचना नहीं मिली।
