मानसिक रूप से विक्षिप्त ने परिवार के 5 लोगों की गोली मारकर की हत्या, इसके बाद अपने आप को भी गोली मार ली

सीतापुर जिले में आज शनिवार की सुबह 5 बजे दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई है। मानसिक रूप से विक्षिप्त ने परिवार के 5 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने आप को भी गोली मार ली।

 

जानकारी के अनुसार, रामपुर मथुरा थाना इलाके के पल्हापुर गांव के रहने वाले अनुराग ठाकुर (42) ने आज शनिवार भोर में अपनी मां सावित्री (65), पत्नी प्रियंका (40) को गोली मार दी और बेटी अश्विनी (12), छोटी बेटी अश्वी (10) व बेटे अद्वैत(6) को छत से ही फेंककर मार डाला।

 

इसके बाद अनुराग ने खुद को भी गोली मार ली। सभी 6 लोगों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया गया है।

 

सीओ महमूदाबाद दिनेश शुक्ला ने बताया कि युवक पहले से ही नशे का आदी था। परिवार वाले उसे नशा मुक्त केंद्र भी ले जाना चाहते थे, इसको लेकर रात में विवाद भी हुआ। इसके बाद भोर में ही यह घटना हो गयी। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात है।

 

एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त भी बताया जा रहा है। उसने अपने परिवार के 5 लोगों की हत्या के बाद खुद को गोली मार ली। फोरेंसिक टीम मौके पर साक्ष्य संकलन भी कर रही है। पुलिस भी अभी जांच कर रही है।

 

मामले पर एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि मौके से एक अवैध असलहा भी बरामद कर लिया गया है। अलग-अलग शव पर अलग तरह के चोट के निशान भी हैं। छत से फेंकने की बात इस परिवार के एक सदस्य ने ही बताई है। मामले की जांच भी कर रहे हैं। शवो को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेंगे।