योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर स्पेशल ट्रेन 29 जुलाई तक चलेगी, रेलवे ने बढ़ाई संचालन अवधि
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी स्पेशल एक्सप्रेस (09609/09610) की संचालन अवधि 29 जुलाई तक बढ़ा भी दी है। पहले यह ट्रेन 30 जून तक ही संचालित होनी थी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि 09609 उदयपुर सिटी-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल 7, 14, 21 व 28 जुलाई को प्रत्येक मंगलवार चलेगी, जबकि 09610 योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी स्पेशल 8, 15, 22 व 29 जुलाई को प्रत्येक बुधवार संचालित होगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन कुल 4-4 अतिरिक्त फेरे भी लगाएगी।
यह स्पेशल ट्रेन हरिद्वार, रुड़की, टपरी, शामली, पुरानी दिल्ली, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, रेवाड़ी, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव भी करेगी, जिससे उत्तराखंड व राजस्थान के यात्रियों को राहत मिलेगी।