Weather to change in Uttarakhand; rain expected in the hills, with snowfall likely in high-altitude areas.
उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को मौसम में अचानक बदलाव के बाद शुक्रवार को लोगों को राहत मिली। प्रदेशभर में चटक धूप खिलने से पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर कम हुआ, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
शुक्रवार को देहरादून के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का ऐसा ही रुख देखने को मिला।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। ऐसे में पर्वतीय इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है।
