Congress to launch political tour in Uttarakhand on October 22; will make the Ankita case and the SIR issue central to its campaign.
उत्तराखंड में आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार की है। प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को लेकर पार्टी 22 अक्टूबर से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में यात्रा निकालेगी। शुक्रवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों और आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की।
कांग्रेस राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशानिर्देश पर नवंबर तक देश बचाओ, लोक बचाओ कार्यक्रम चलाएगी। इसके साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से नाम काटे जाने और प्रदेश के अन्य ज्वलंत मुद्दों को लेकर राज्यभर में यात्रा निकाली जाएगी। पार्टी इन मुद्दों के जरिए भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और उपनेता प्रतिपक्ष एवं विधायक भुवन कापड़ी समेत कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
