उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में कोहरा

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज बुधवार को मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 31 दिसंबर को पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं। खासतौर पर 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

वहीं मैदानी जिले हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के साथ ही चंपावत, नैनीताल व पौड़ी में घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। कोहरे का असर प्रदेशभर के तापमान व जनजीवन पर देखने को भी मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 5जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।

इधर, देहरादून एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन भी हवाई यातायात प्रभावित भी रहा। कम दृश्यता के कारण सुबह से शाम तक कुल 9 उड़ानें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। घने कोहरे के चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा।