Weather in Uttarakhand to change from today; 'Yellow Alert' issued for rain and snowfall; warnings of strong winds and lightning in several districts.
उत्तराखंड में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने छह से 11 अक्तूबर तक प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि छह से आठ अक्तूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद नौ से 11 अक्तूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।
चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
वहीं नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
