चारधाम यात्रा को लेकर मौसम अलर्ट, 12-13 मई के लिए प्रशासन ने श्रद्धालुओं से बरतने को कहा सावधानी

प्रदेश में 12 व 13 मई को मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। भारी बारिश की आशंका के बीच विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की है।

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालु मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना भी बनाएं। उन्होंने कहा कि मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए 12 व 13 मई को यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा भी करें।

आयुक्त ने यात्रियों से प्रशासन व स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम व व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।