Uttarakhand will soon get its first drone pilot training institute, DGCA team will inspect it
देहरादून, (संवाददाता शुभम कोठारी): राज्य में युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए उत्तराखंड को अब जल्द ही अपना पहला ड्रोन पायलट प्रशिक्षण संस्थान मिलने जा रहा है। इस संस्थान की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की एक टीम आज गुरुवार को देहरादून पहुंचेगी।
टीम आईटी पार्क स्थित आईटीडीए (ITDA) का दौरा करेगी, जहां इस संस्थान की स्थापना की जा रही है। इसके साथ ही डीजीसीए अधिकारी सचिव आईटी नितेश झा से मुलाकात कर संस्थान की कार्ययोजना और सुविधाओं की समीक्षा करेंगे।
आईटीडीए देगा डीजीसीए मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र
आईटीडीए की निदेशक एवं अपर सचिव आईटी नितिका खंडेलवाल ने जानकारी दी कि संस्थान में युवाओं को ड्रोन संचालन से संबंधित प्रशिक्षण और डीजीसीए से मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। यह प्रमाणपत्र देशभर में मान्य होंगे और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए द्वार खोलेंगे।
फिलहाल, राज्य में ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण तो मिल रहा है, लेकिन उसके पास वैध सर्टिफिकेशन नहीं होता। ऐसे में डीजीसीए की मान्यता मिलना इस कोर्स की विश्वसनीयता को बढ़ाएगा।
संस्थान की गुणवत्ता का होगा आकलन
डीजीसीए की टीम अपने निरीक्षण के दौरान यह परखेगी कि प्रशिक्षण संस्थान उनके निर्धारित मानकों पर कितना खरा उतरता है। टीम संस्थान के ढांचे, उपकरणों, पाठ्यक्रम और प्रशिक्षकों की योग्यता की जांच करेगी। संभव है कि निरीक्षण के बाद टीम कुछ सुझाव या सुधार की सिफारिश भी करे।
इस साल शुरू हो सकता है सर्टिफिकेट कोर्स
आईटी विभाग को उम्मीद है कि निरीक्षण और आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद इसी वर्ष से सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत कर दी जाएगी। यह संस्थान न केवल राज्य बल्कि पूरे उत्तर भारत के तकनीकी छात्रों और युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
