गंगोत्री हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक लापता; आज फिर शुरू होगा सर्च ऑपरेशन
उत्तरकाशी: गंगोत्री हाईवे पर भैरवघाटी के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भैरवघाटी से करीब 3 किलोमीटर आगे एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ गंगोत्री की टीम व 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, बाइक पर 3 लोग सवार थे। दुर्घटना में 2 लोग सुरक्षित बच गए, जबकि सुरेश लामा (26), जो मूल रूप से नेपाल के निवासी थे और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में रह रहे थे, करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गए। हादसे के बाद से वह लापता ही हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक सीमा सड़क संगठन (BRO) में भैरवघाटी क्षेत्र में कार्यरत हैं व ड्यूटी से लौटते समय यह हादसा हुआ।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात करीब 2:30 बजे तक लापता युवक की तलाश में सर्च व रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि लगातार हो रही बारिश, घना अंधेरा व दुर्गम भूभाग के कारण अभियान में सफलता नहीं मिल सकी। प्रतिकूल मौसम को देखते हुए रात में अभियान को अस्थायी रूप से रोक भी दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, गुरुवार सुबह मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर मौके पर पहुंचकर लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी भी की है। युवक की तलाश जारी है।