Today is the last chance to submit claims and objections regarding the SIR; they will not be accepted after August 13.
उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए अब सिर्फ 13 अगस्त तक का समय है। इसके बाद नए दावे या आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। हालांकि, 13 अगस्त तक प्राप्त दावे-आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक जारी रहेगी।
एसआईआर के तहत मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों की जांच के साथ नए मतदाता बनाने और नाम में संशोधन की प्रक्रिया भी चल रही है। नए वोट के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और किसी तरह के संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा रहा है। वहीं, दावे और आपत्तियों के लिए फॉर्म-9, 10 और 11 की प्रक्रिया भी जारी है।
प्रदेश में अब तक करीब 70 हजार आपत्तियां दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अलावा नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। निर्वाचन विभाग के मुताबिक, 13 अगस्त तक नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वालों के नाम एसआईआर प्रक्रिया के दौरान ही शामिल किए जाएंगे। इसके बाद आने वाले आवेदनों पर एसआईआर पूरा होने के बाद विचार किया जाएगा।
मैदानी जिलों में मतदाता सूची को लेकर सबसे ज्यादा आपत्तियां सामने आ रही हैं। ऊधमसिंह नगर की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इन आपत्तियों के आधार पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ईआरओ) मामले की सुनवाई कर निर्णय लेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार किसी एक व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्तियां आने की स्थिति में मामले की जांच कराई जाएगी। विभाग आपत्तियों के आधार और उनकी सत्यता की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई करेगा।
