वॉशरूम के रोशनदान में रखे फोन पर नजर पड़ते ही युवती चीखी, युवक बना रहा था अश्लील वीडियो
ट्रांजिट कैंप में किराएदार युवक ने युवतियों के वॉशरूम में बनाए अश्लील वीडियो, मामला दर्ज
ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक मकान में किराए पर रहने वाले युवक ने अन्य किरायेदार युवतियों के वॉशरूम में मोबाइल से अश्लील वीडियो बना लिए। एक युवती द्वारा रोशनदान में रखा मोबाइल देखे जाने पर ही मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, आवास विकास क्षेत्र में मध्यप्रदेश की एक युवती व अल्मोड़ा जिले की एक युवती किराए पर रहकर सिडकुल स्थित एक कंपनी में काम करती हैं। 12 मार्च की रात, जब मध्यप्रदेश की युवती ड्यूटी से वापस आई, तो वह वॉशरूम में गई, जहां उसने रोशनदान पर एक मोबाइल रखा देखा। मोबाइल का पिछला कैमरा वॉशरूम की ओर ही था। युवती ने तुरंत मकान मालिक को फोन कर बुलाया और मोबाइल का फोटो भी खींच लिया।
इसके बाद, दोनों मकान मालिक के साथ बिल्डिंग की छत पर गए, जहां उन्हें आरोपी हरीश चमोला मिला, जो उसी बिल्डिंग में किराए पर रहता था। हरीश के पास वही मोबाइल था, जो वॉशरूम के रोशनदान में रखा गया था। जब युवती ने मोबाइल चेक किया, तो उसमें उनकी और उनकी साथी की अश्लील वीडियो पाई गई। कुछ वीडियो डिलीट फोल्डर में भी मौजूद थी।
युवतियों ने हरीश चमोला का मोबाइल पुलिस को सौंप दिया, और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।