टनकपुर को बड़ी सौगात: मां पूर्णागिरि मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण को ₹48.37 करोड़ की मंजूरी
चंपावत। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी है। सीएम धामी ने उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थ मां पूर्णागिरि धाम के मार्ग पर स्थित किरोड़ा नाले में पुल निर्माण को मंजूरी भी दे दी है। 480 मीटर लंबे व 120 मीटर स्पान वाले इस पुल के लिए शासन ने ₹48.37 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी जारी की है।
यह पुल मां पूर्णागिरि यात्रा को सालभर संचालित करने की दिशा में अहम कदम भी माना जा रहा है। बरसात के दौरान किरोड़ा नाले में उफान आने से श्रद्धालुओं का मार्ग बाधित हो जाता था और पूर्व में कई हादसे हो चुके हैं। लंबे समय से स्थानीय लोग पुल निर्माण की मांग भी कर रहे थे।
पुल बनने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम आवागमन मिलेगा, साथ ही क्षेत्रीय पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है।
जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने स्वीकृति पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पुल निर्माण से टनकपुर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा।