देहरादून में तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, पांच माह की गर्भवती की मौत

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पांच माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि हादसे में एक अन्य महिला घायल हो गई। घटना कैनाल रोड पर हुई, जहां सड़क किनारे जा रही दोनों महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने पांच माह की गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी महिला का उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी में युवकों के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के समय कार की गति और चालक की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।