SIT investigation into the Rekha Arya and Girdhari Lal Sahu dispute intensifies; raids conducted in Bareilly, Haldwani, and Delhi.
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद की जांच में एसआईटी ने अपनी कार्रवाई भी तेज कर दी है। टीम बरेली, हल्द्वानी व दिल्ली में दबिश देने के साथ ही गिरधारी लाल साहू के करीबियों से भी पूछताछ भी कर रही है। जांच में कारोबारी लेनदेन, कंपनियों के कामकाज व विवाद से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
एसआईटी उन कंपनियों के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, जिनके दस्तावेजों और पदों में कथित हेरफेर के आरोप भी लगाए गए हैं। टीम मूल दस्तावेजों, हस्ताक्षरों, वित्तीय लेनदेन व डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि दस्तावेजों में कथित बदलाव कैसे व किन परिस्थितियों में हुए।
इस मामले में एसआईटी मंत्री रेखा आर्या के बयान भी दर्ज कर चुकी है। उन्होंने जांच टीम को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी है। रेखा आर्या का आरोप है कि इस रिकॉर्डिंग में उन्हें और उनके नाबालिग बच्चों को नुकसान पहुंचाने की साजिश से जुड़ी भी बातचीत है। वहीं, गिरधारी लाल साहू इस ऑडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार की गई फर्जी रिकॉर्डिंग भी बता चुके हैं।
ऐसे में अब ऑडियो की प्रामाणिकता व आवाजों के मिलान के लिए फॉरेंसिक जांच की जा रही है। एसआईटी प्रभारी एसपी देहात जया बालोनी के मुताबिक, टीम बयानों, दस्तावेजों व डिजिटल साक्ष्यों का मिलान कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
