नववर्ष पर सड़क हादसा, बाइक टकराने से 23 वर्षीय युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
पंतनगर। नववर्ष के पहले दिन पंतनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसा भी हुआ, जिसमें 23 वर्षीय इरफान पुत्र निसार की मौत हो गई। इरफान अपने होंडा शाइन मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था, तभी उसकी बाइक सामने से आ रही बजाज पल्सर से टकरा गई और सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार 3 लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में टिंकल (27), बाबू व सुभाष (28) शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल रुद्रपुर में रेफर किया गया है।
एसआई हेमसिंह हरड़िया ने बताया कि हादसा बुधवार रात 8 बजे स्टीवेंसन स्टेडियम के सामने हुआ और टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी भी मच गई। सूचना मिलने पर वहां तैनात सुरक्षा गार्ड तुरंत पहुंचे व घायलों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों युवकों की हालत भी गंभीर बनी हुई है।