Recruitment for 200 Scaler posts in the Forest Development Corporation; applications open from September 22.
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होगी, जबकि 19 नवंबर से शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रस्तावित है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कुल 200 पदों में से सामान्य यानी अनारक्षित वर्ग के लिए 105 पद, अनुसूचित जाति के लिए 39, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 21 और अनुसूचित जनजाति के लिए आठ पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ी और आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। आयु सीमा एक जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई है। राज्य के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां:
ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 22 सितंबर
आवेदन की अंतिम तिथि: 22 अक्तूबर
आवेदन पत्र में संशोधन: 26 से 27 अक्तूबर
शारीरिक दक्षता परीक्षा की अनंतिम तिथि: 19 नवंबर से
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जो अर्हकारी होगी। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद में भी भाग लेना होगा।
शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण में 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह दो घंटे की वस्तुनिष्ठ ऑफलाइन परीक्षा होगी, जिसमें शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की नकारात्मक अंक व्यवस्था रहेगी।
आवेदन शुल्क:
सामान्य और उत्तराखंड ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित है। उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 150 रुपये है, जबकि अनाथ अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
