Recruitment for 1,600 posts in the Uttarakhand Police to take place soon; budget for police stations to be increased from ₹4 crore to ₹8 crore.
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। इनमें पुलिस विभाग में भर्ती से लेकर थानों के बजट में बढ़ोतरी और स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं के विस्तार तक के कदम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के विभिन्न विंग में खाली पड़े 1600 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही थानों को मिलने वाली धनराशि को चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये करने का ऐलान किया गया।
पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थानों में पुलिस बल की समीक्षा की जाएगी और जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। वहीं, जांच को बेहतर बनाने के लिए विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा देहरादून में पुलिस ट्रांजिट हॉस्टल बनाया जाएगा। पुलिस मॉडर्न स्कूल को अपग्रेड करने के साथ देहरादून स्थित पुलिस अस्पताल की सुविधाओं को भी बेहतर किया जाएगा।
