New record set during Char Dham Yatra; number of pilgrims crosses 6 million (60 lakh); portals of Badrinath Dham to close on November 16.
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस साल चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 60 लाख के पार पहुंच गई है।
19 अप्रैल को शुरू हुई इस यात्रा के दौरान इस बार मानसून सीजन में भी यात्रा सुचारू रूप से जारी रही। वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होने के बाद चारधाम यात्रा शीतकाल के लिए स्थगित हो जाएगी। इसके बाद चारों धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों से शीतकालीन यात्रा संचालित की जाएगी।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती है। सरकार सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर काम कर रही है।
आंकड़ों के मुताबिक, बदरीनाथ धाम में सबसे अधिक 20 लाख 70 हजार 500 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। केदारनाथ में 17 लाख 65 हजार 520, यमुनोत्री में 9 लाख 45 हजार 572 और गंगोत्री में 8 लाख 38 हजार 422 श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं, हेमकुंड साहिब में 3 लाख 90 हजार 696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।
