Rajya Sabha MP Mahendra Bhatt raised questions in the Upper House on the progress of Ranipokhari-Rishikesh road widening and ownership scheme
राज्यसभा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को राज्यसभा में रानीपोखरी से ऋषिकेश तक सड़क चौड़ीकरण और स्वामित्व योजना की प्रगति पर सवाल उठाए। उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से जानकारी मांगी, जिसके जवाब में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रानीपोखरी-ऋषिकेश मार्ग के चौड़ीकरण की योजना का विवरण भी दिया।
गडकरी के अनुसार, यह मार्ग खासकर कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा के दौरान अत्यधिक व्यस्त रहता है। कुल 19.78 किलोमीटर लंबाई में से 11.89 किलोमीटर चार लेन और 7.89 किलोमीटर दो लेन में है। इसके सुधार के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 0 से 19.78 किलोमीटर तक इस मार्ग को 4 और 6 लेन में बदलने का प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसमें 3.85 किलोमीटर को 6 लेन तक चौड़ा किया जाएगा, जबकि बाकी 15.93 किलोमीटर को 4 लेन और पेव्ड शोल्डर के साथ बनाया जाएगा।
इसके बाद, महेंद्र भट्ट ने पंचायती राज मंत्रालय से स्वामित्व योजना पर जानकारी मांगी। इस योजना के तहत, अब तक 2.42 करोड़ संपत्ति कार्ड तैयार किए जा चुके हैं, जो 1.61 लाख गांवों में वितरित किए गए हैं। हालांकि, कुछ राज्यों जैसे पश्चिम बंगाल, बिहार, नागालैंड, और मेघालय में अभी तक इस योजना का कार्यान्वयन नहीं हो पाया है। इन राज्यों में विभिन्न कारणों से निर्णय लंबित हैं, जबकि कुछ राज्यों में जैसे तमिलनाडु, तेलंगाना और सिक्किम में पायलट कार्यक्रम चल रहे हैं और कुछ राज्यों में कार्यान्वयन निलंबित है।
यह जानकारी मिलने के बाद महेंद्र भट्ट ने संबंधित अधिकारियों से इन योजनाओं की शीघ्रता से पूर्णता की दिशा में कदम उठाने की अपील भी की है।
