वायरल ऑडियो मामले में पुलिस सख्त, उर्मिला सनावर के घर नोटिस चस्पा, तलाश तेज
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई अब तेज हो गई है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बाद अब पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सहारनपुर स्थित आवास पर भी नोटिस चस्पा किया है और पुलिस ने उर्मिला को जल्द थाने में पेश होने के निर्देश भी दिए हैं।
बताया जा रहा है कि नोटिस जारी होने के बाद से पूर्व विधायक सुरेश राठौर व अभिनेत्री उर्मिला सनावर दोनों ही सामने नहीं आ रहे हैं। इस मामले में पूछताछ के लिए पुलिस उनकी तलाश में भी जुटी हुई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले उर्मिला सनावर द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लेते हुए एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया था, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल भी मच गई थी।
इस संबंध में संत शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बहादराबाद थाने में पूर्व विधायक सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि झूठे आरोप लगाकर महापीठ के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दुष्यंत गौतम की छवि धूमिल करने का प्रयास भी किया गया।
पुलिस ने बीते शनिवार को सुरेश राठौर के आवास पर नोटिस भी चस्पा किया था, लेकिन वे थाने में पेश नहीं हुए। रविवार को उनकी पत्नी रविंद्र कौर ने थाने पहुंचकर बताया था कि सुरेश राठौर बाहर गए हुए हैं। वही बुधवार को पुलिस की एक टीम सहारनपुर पहुंची, जहां उर्मिला सनावर के घर पर कोई नहीं मिलने पर बाहर नोटिस चस्पा कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तय समय में पेश न होने की स्थिति में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस बीच, दो दिन पहले उर्मिला सनावर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था, जिसमें उन्होंने पुलिस के पीछे लगे होने की बात भी कही थी। इसके बाद से उनका कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी जारी हैं।
वहीं, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई भी जारी है।