Over 10 kg of heroin, a pistol, and a broken drone recovered along the India-Pakistan border; one suspect arrested.
अमृतसर: भारत-पाकिस्तान सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 10 किलो से अधिक हेरोइन, पिस्तौल और एक टूटा हुआ ड्रोन बरामद किया है। वहीं, थाना घरिंडा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक अन्य कार्रवाई में गांव मोदे निवासी अमरीक सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से अवैध पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
काहनगढ़ क्षेत्र में खेतों से मिली हेरोइन
पहले मामले में बीएसएफ की 181वीं बटालियन की सी कंपनी के अधिकारियों ने सीमा पर ड्रोन की गतिविधि देखी। इसके बाद काहनगढ़ क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान खेतों से 5 किलो 10 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ और 545 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद हुई।
अटारी के पास हेरोइन, पिस्तौल और टूटा ड्रोन मिला
दूसरे मामले में बीएसएफ की 10वीं बटालियन की डी कंपनी के अधिकारी केएस राणा को अटारी स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने सीमा से सटे खेतों में तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान 5 किलो 32 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 156 ग्राम पैकिंग सामग्री, तुर्किये की कंपनी की जिगाना स्पोर्ट पिस्तौल और DJI Matrice 400 मॉडल का टूटा हुआ क्वाडकॉप्टर ड्रोन बरामद किया गया।
दोनों मामलों में थाना घरिंडा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ किसके लिए भेजे गए थे और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ अमरीक सिंह गिरफ्तार
पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में गुप्त सूचना के आधार पर गांव मोदे निवासी अमरीक सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी से एक अवैध पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिस्तौल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी और आरोपी इसे आगे सप्लाई करने वाला था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
