Out-of-control truck hits police vehicle near checkpost on Delhi-Dehradun Highway.
देहरादून। दिल्ली-दून हाईवे पर चेकपोस्ट के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त पुलिस वाहन आईआरबी का था। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप भी लगाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाईवे के इस हिस्से में रात के समय भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
