4 arrested in Dehradun, including YouTuber Anurag Dobhal; accused of assault and creating a ruckus.
देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर और यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की रात हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवकों के आपस में झगड़ने की सूचना मिली थी।
सूचना पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां अनुराग डोभाल अपने साथियों के साथ राज सिंह चौहान नाम के व्यक्ति से मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर बाईपास चौकी पर बुलाया, लेकिन चौकी पर बातचीत के दौरान भी विवाद दोबारा बढ़ गया।
पुलिस का कहना है कि अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान दोबारा राज सिंह चौहान के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चारों आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत नियमानुसार हिरासत में लिया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, राज सिंह चौहान की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
हिरासत में लिए गए लोगों में अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) शामिल हैं। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाईपास उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र, कांस्टेबल हितेश कुमार और PRD प्रमोद शामिल रहे।
