देवल गांव पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद, केतन लाल के परिजनों से मिले; CBI जांच और फास्ट ट्रैक ट्रायल की मांग

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद मंगलवार शाम आखिरकार टिहरी के प्रतापनगर स्थित देवल गांव पहुंचे व दिवंगत केतन लाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।

सांसद ने केतन के पिता से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसी शांत भूमि पर इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं व पीड़ित परिवार को हरसंभव न्याय मिलना चाहिए।

प्रतापनगर पहुंचने से पहले चंद्रशेखर आजाद को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कई स्थानों पर पुलिस ने रोका भी। सीमित वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति मिलने पर वे कुछ दूरी तक अपने समर्थकों के साथ पैदल ही चले। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम करीब 6:15 बजे उनका काफिला देवल गांव में पहुंचा।

दौरे के दौरान सांसद ने सरकार से चार प्रमुख मांगें रखीं—केतन हत्याकांड की CBI जांच, मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, मुख्यमंत्री द्वारा पीड़ित परिवार से मुलाकात व परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान पर विस्थापन। साथ ही उन्होंने कहा कि हरिद्वार में पुलिस कार्रवाई के दौरान फटी अपनी कमीज को वह संसद में ले जाकर यह मुद्दा भी उठाएंगे।