Kedarnath helicopter service may resume from September 15; awaiting DGCA approval.
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 अगस्त को नई दिल्ली में DGCA, हेली ऑपरेटरों और मौसम विभाग के अधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें केदारनाथ हेली सेवा और चारधाम चार्टर्ड सेवा के संचालन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इस साल 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलिपैड से आठ एविएशन कंपनियों ने हेली सेवा शुरू की थी। मानसून को देखते हुए DGCA ने 25 जून तक उड़ानों की अनुमति दी थी, जिसके बाद सेवा स्थगित कर दी गई।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के CEO प्रतीक जैन के मुताबिक, DGCA की अनुमति मिलने के बाद 15 सितंबर से हेली सेवा दोबारा शुरू की जा सकती है। पहले चरण में हेली सेवा के जरिए करीब 1.37 लाख श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे थे। केदारनाथ हेली सेवा की भारी मांग के चलते बुकिंग पोर्टल खुलते ही कुछ ही मिनटों में टिकट फुल हो जाते हैं।
