High alert in Uttarakhand after Pahalgam terror attack, intensive checking at borders and tourist places
देहरादून: कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 पर्यटकों की मौत हुई, अब हमले के बाद उत्तराखंड पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रदेश के डीजीपी दीपम सेठ ने सभी जिलों को सतर्क रहने और सार्वजनिक स्थानों और पर्यटन स्थलों पर सघन चेकिंग के निर्देश भी जारी किए हैं।
सभी जिलों में चौकसी बढ़ी
हमले के फौरन बाद डीजीपी सेठ ने सभी जिलों के कप्तानों से रात में रिपोर्ट ली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर त्वरित समीक्षा भी की। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार व अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
पर्यटन स्थलों पर आने-जाने वालों की निगरानी बढ़ाई गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष निगरानी
उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी एंट्री पॉइंट्स पर श्वान दल (डॉग स्क्वॉड) और मेटल डिटेक्टर की मदद से वाहनों व यात्रियों की जांच की जा रही है। बॉर्डर से सटे इलाकों में पैदल गश्त अब तेज कर दी गई है।
हर घंटे मिल रही रिपोर्ट
डीजीपी ने बताया कि प्रदेश के हर जिले से हर घंटे रिपोर्ट ली जा रही है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो। उन्होंने कहा कि, “कश्मीर में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में हमें अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।”
प्रदेश पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिले तो तत्काल ही स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
