उत्तराखंड में चुनावी तैयारियां तेज, बिहार से पहुंचीं अतिरिक्त ईवीएम; अधिकारियों का होगा विशेष प्रशिक्षण

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के साथ ही विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी रफ्तार पकड़ने लगी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने चुनावी कार्यों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसी क्रम में राज्य में पहले से उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के अलावा बिहार से अतिरिक्त मशीनें भी मंगाई गई हैं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार बिहार से 2,500 बैलेट यूनिट, 6,000 वीवीपैट और 12,500 कंट्रोल यूनिट उत्तराखंड पहुंच चुकी हैं। इन मशीनों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न जिलों में भेजने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, ताकि चुनाव से पहले सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।

वर्तमान में प्रदेश के पास 27,700 बैलेट यूनिट, 36,553 कंट्रोल यूनिट और 25,697 वीवीपैट उपलब्ध हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार सितंबर और अक्टूबर के दौरान सभी ईवीएम का प्रथम स्तरीय तकनीकी परीक्षण (एफएलसी) कराया जाएगा। जांच के दौरान खराब मशीनों को अलग कर दिया जाएगा, जबकि सही पाई गई मशीनों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा।

चुनावी तैयारियों के तहत अगले महीने जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अन्य अधिकारियों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और चुनाव से संबंधित विभिन्न प्रकोष्ठों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

निर्वाचन आयोग मतदाता जागरूकता और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी (SVEEP) कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार करेगा। साथ ही चुनाव में उपयोग होने वाले पावर पैक, सील, टैग और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।

उधर, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों के तबादलों की तैयारी भी शुरू हो गई है। जिन आईएएस, पीसीएस और चुनावी कार्यों से जुड़े अधिकारियों ने तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही जिले में कार्य किया है, उन्हें चुनाव से पहले स्थानांतरित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नए अधिकारियों को समय रहते चुनाव संबंधी प्रशिक्षण देकर निष्पक्ष और सुचारु चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।