ड्राइवर की नींद के कारण ट्राला मकानों में घुसा, दीवारों में आईं दरारें; लोग बाल-बाल बचें

पंतनगर में ट्राला सड़क किनारे घरों में घुसा, चालक फरार, नुकसान हुआ

पंतनगर के शांतिपुरी गेट के पास बीते सोमवार देर रात एक ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकानों में जा घुसा। इस घटना में मकान मालिक व उनके बच्चे बाल-बाल बच गए, हालांकि ट्राला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

घटना रात लगभग 1 बजे की है, जब ट्राला (संख्या यूपी 21/सीटी 1073) बगास भरकर लालकुआं की ओर जा रहा था। चालक को नींद आने के कारण ट्राला अनियंत्रित हो गया और तारा सिंह के मकान में घुसते हुए किचन की दीवार भी तोड़ दी। इस हादसे में किचन का सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके साथ ही, प्रदीप सिंह के मकान में भी टक्कर लगने से दीवारों में दरारें आ गईं।

ट्राला की चपेट में आने से 11 हजार लाइन का बिजली का पोल भी टूटकर 3 हिस्सों में बंट गया, जिसके कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित भी हो गई है। रात 1 बजे से अब तक क्षेत्र में बिजली नहीं आई है। गनीमत रही कि ट्राला की गति ज्यादा नहीं थी, अन्यथा घरों में सो रहे लोगों को भी भारी नुकसान हो सकता था।