Doon Hospital on alert for Holi, emergency services to be available 24 hours
देहरादून: होली पर्व को देखते हुए राजधानी देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने विशेष मेडिकल एडवाइजरी भी जारी की है। होलिका दहन और बड़ी होली के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी भी लगाई जाएगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार होली के दौरान अक्सर केमिकल युक्त रंगों के कारण त्वचा एलर्जी, आंखों में जलन, कान-नाक-गले से जुड़ी समस्याएं व हुड़दंग के चलते चोट लगने के मामले सामने आते हैं। इसके अलावा फूड प्वाइजनिंग व पेट संबंधी शिकायतों को देखते हुए भी अस्पताल को अलर्ट मोड पर भी रखा गया है। इस दौरान अस्पताल की 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने लोगों से होली खेलते समय सावधानी बरतने व केमिकल युक्त रंगों से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होती है तो लोग तुरंत अस्पताल में पहुंचें, जहां आपातकालीन सेवाओं में तुरंत उपचार उपलब्ध भी कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि होली के दौरान फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक व ईएनटी विशेषज्ञों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ व पैरामेडिकल टीम भी तैनात रहेगी।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि होली के दौरान आंख, कान व नाक में रंग जाने का खतरा अधिक रहता है और सिंथेटिक रंगों के प्रयोग से त्वचा में रिएक्शन भी हो सकता है। उन्होंने लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचने और सावधानी के साथ त्योहार मनाने की सलाह भी दी है। अस्पताल प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी भी कर ली गई है।
