Diet of Dehradun Zoo animals to change for winter; birds to get almonds, deer to receive jaggery.
देहरादून में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही चिड़ियाघर के वन्यजीवों को ठंड से बचाने और उनकी सेहत का ध्यान रखने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत वन्यजीवों की खुराक में बदलाव किया जाएगा। सर्दियों में जू के पक्षियों को बादाम, हिरणों को गुड़ और भालुओं को भुनी हुई मूंगफली दी जाएगी। वहीं, सांप, मगरमच्छ और अन्य सरीसृपों को ठंड से बचाने के लिए उनके आसपास हीटिंग बल्ब और हीटर लगाए जाएंगे। जू प्रबंधन ने सर्दियों के लिए वन्यजीवों की खुराक में बदलाव की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जू के पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप मिश्रा के मुताबिक, सर्दियों में पक्षियों को दिए जाने वाले बीज एक दिन पहले पानी में भिगोए जाते हैं। इसके साथ ही उन्हें मौसमी फल और सब्जियां काटकर दी जाती हैं। तोते की प्रजातियों को सूरजमुखी के बीज दिए जाते हैं, जिनमें फैट की मात्रा अधिक होती है। कुछ पक्षियों के भोजन में तिल और राई के बीज भी शामिल किए जाते हैं। फीजेंट पक्षियों को उबले हुए अंडे दिए जाते हैं, जबकि मकाऊ को पूरे साल अखरोट खिलाए जाते हैं। सर्दियों में मकाऊ के भोजन में बादाम भी शामिल किए जाते हैं।
शाकाहारी वन्यजीवों के लिए हरे चारे की व्यवस्था की जाती है। हिरणों को पोषक तत्वों से भरपूर तैयार चारा और मिनरल मिक्सचर दिया जाता है। सर्दियों में उनकी खुराक में गुड़ भी शामिल किया जाता है, ताकि उनके पोषण का ध्यान रखा जा सके।
वहीं, मांसाहारी वन्यजीवों को नियमित रूप से मांस दिया जाता है। भालुओं की खुराक में चिकन, उबले अंडे, भुनी हुई मूंगफली के साथ मौसमी फल और सब्जियां शामिल रहती हैं।
डॉ. प्रदीप मिश्रा ने बताया कि सर्दियों का असर घड़ियाल, मगरमच्छ, सांप और कछुओं जैसे सरीसृपों पर भी पड़ता है। ठंड के मौसम में ये जीव ब्रूमेशन यानी शीतनिष्क्रियता की अवस्था में चले जाते हैं। इस दौरान उनकी गतिविधियां कम हो जाती हैं और वे खाना भी बंद कर सकते हैं। ये जीव अपने शरीर का तापमान आसपास के वातावरण के अनुसार नियंत्रित करते हैं। ऐसे में सर्दियों के दौरान उनके शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए उनके आसपास हीटिंग बल्ब और हीटर लगाए जाते हैं।
