चारधाम यात्रा की स्वास्थ्य तैयारियों पर दिल्ली में बैठक, धन सिंह रावत ने जेपी नड्डा से की मुलाकात

देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री को चारधाम यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

गुजरात दौरे से लौटते समय दिल्ली में हुई इस बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श भी हुआ। स्वास्थ्य मंत्री ने चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर व त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी भी दी।

केदारनाथ-बदरीनाथ में आधुनिक चिकित्सा इकाइयां

धन सिंह रावत ने बताया कि केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाइयां स्थापित कर दी गई हैं, जिनका शुभारंभ इसी यात्रा सत्र में भी किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ डॉक्टरों का एक विशेष पूल भी तैयार किया जा रहा है। इसमें राज्य की चिकित्सा इकाइयों, राजकीय मेडिकल कॉलेजों, एम्स ऋषिकेश व देशभर के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी।

आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्स ऋषिकेश, राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर व देहरादून की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रा के दौरान 108 आपातकालीन सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस व कार्डियक एंबुलेंस की त्रिस्तरीय व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

एनएचएम के तहत अतिरिक्त बजट की मांग

स्वास्थ्य मंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत राज्य की ओर से भेजी गई कार्यक्रम क्रियान्वयन योजनाओं (पीआईपी) में प्रस्तावित नए कार्यक्रमों के संचालन के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष भी रखी। इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन भी दिया है।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर, सुलभ व सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।