Dengue risk rises in Dehradun; 50 cases detected; 1,662 beds reserved in hospitals.
देहरादून में बदलते मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच डेंगू का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने संभावित स्थिति को देखते हुए जिले के 40 सरकारी और निजी अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए 1,530 सामान्य और 132 आईसीयू बेड आरक्षित कर दिए हैं। अब तक जिले में डेंगू के 50 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नमी और हल्की गर्मी वाला मौसम डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल होता है। जंतु विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मौसम में मादा मच्छर अधिक सक्रिय हो जाती हैं और अंडे देने के लिए बाहर निकलती हैं। यही वजह है कि इस वर्ष डेंगू के मामलों में सामान्य से पहले बढ़ोतरी देखी जा रही है।
आमतौर पर डेंगू के मामले सितंबर में बढ़ते हैं, लेकिन इस बार मई से ही संक्रमण के 50 मामले सामने आ चुके हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एम्स ऋषिकेश, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जिला अस्पताल और अन्य सरकारी व निजी अस्पतालों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ब्लड बैंकों में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रखने को भी कहा गया है।
जंतु विशेषज्ञ सुनील कुमार के मुताबिक, डेंगू केवल मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर जमीन से लगभग तीन फीट तक ही उड़ पाता है और सीमित क्षेत्र में ही सक्रिय रहता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में बंजारावाला, पटेल नगर, क्लेमेंटटाउन, मोथरोवाला, जाखन, मेहूंवाला, लक्खीबाग और माजरा सहित कुल 16 क्षेत्रों को डेंगू हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। इन इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे, फॉगिंग और जागरूकता अभियान चला रही हैं।
