Political protests in Delhi: INDIA bloc's march; BJP Mahila Morcha creates a ruckus at the Congress headquarters.
दिल्ली में सोमवार को राजनीतिक प्रदर्शनों के चलते माहौल गरमाया रहा। एक ओर कांग्रेस के आह्वान पर इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला, जिसमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। वहीं, दूसरी ओर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर पार्टी सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को निष्कासित करने की मांग उठाई। दोनों प्रदर्शनों के दौरान बैरिकेडिंग, नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति देखने को मिली।
इंडिया गठबंधन का मार्च मंडी हाउस में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पास से भगवान दास रोड तक पहुंचा। विभिन्न राज्यों से आए कांग्रेस और गठबंधन के कार्यकर्ताओं, छात्रों, वकीलों, प्रोफेसरों और डॉक्टरों ने इसमें हिस्सा लिया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पैदल मार्च में शामिल होते ही बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ आगे बढ़ने लगे। इस दौरान लोगों ने नारे लगाए और नेताओं के करीब पहुंचने की कोशिश की। भीड़ के दबाव के चलते कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की बात भी सामने आई। आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ और कई जगह लंबा जाम लगा।
मार्च के दौरान मंडी हाउस और भगवान दास रोड पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ का दबाव बढ़ने से कई लोग बैरिकेड पार करते दिखाई दिए। राहुल गांधी ने लोगों से संघर्ष में साथ आने की अपील की, जबकि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन में विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
दूसरी ओर, भाजपा महिला मोर्चा ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में जुटीं महिला कार्यकर्ताओं ने जेएनयू की छात्राओं से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि महिला अधिकारों की बात करने वाली पार्टी अपने सांसद पर लगे आरोपों को लेकर क्या कार्रवाई कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार कर कांग्रेस कार्यालय के गेट तक पहुंचने की कोशिश की। इस दौरान भाजपा प्रदर्शनकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ। दिल्ली पुलिस ने सांसद बांसुरी स्वराज, कमलजीत सहरावत, डी. पुंडेशवरी देवी और दिल्ली भाजपा महामंत्री योगिता सिंह समेत कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। उन्हें आईपी एस्टेट थाने ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
बांसुरी स्वराज और कमलजीत सहरावत ने महिला सुरक्षा, सम्मान और शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। वहीं, दिल्ली भाजपा ने प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित धक्का-मुक्की और अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सिंह की निंदा की। भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पार्टी मामले की कानूनी समीक्षा कर रही है और संजीव सिंह के खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कदम उठाएगी।
