'Breaking Bad' actor RJ Mitte passes away at 34; co-stars pay tribute.
-
लोकप्रिय अमेरिकी टीवी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ में वॉल्टर व्हाइट के बेटे का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता आरजे मिट्टे का 34 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वह सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित थे। हालांकि, उनके निधन की वजह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है। उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। साथी कलाकारों और प्रशंसकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
अभिनेता के प्रतिनिधि ने एक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। बयान में कहा गया, “हमें बेहद दुख के साथ मशहूर अभिनेता, समाजसेवी और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले आरजे मिट्टे के निधन की जानकारी देनी पड़ रही है।”
मिट्टे को वर्ष 2008 में शुरू हुई टीवी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ से खास पहचान मिली थी। उन्होंने इसमें वॉल्टर व्हाइट के बेटे का किरदार निभाया था। सीरीज में वॉल्टर व्हाइट का किरदार अभिनेता ब्रायन क्रैंस्टन ने निभाया था। मिट्टे ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता और दिव्यांगता से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मिट्टे के प्रतिनिधि शॉन रेली के मुताबिक, सेरेब्रल पाल्सी के साथ जीने के उनके व्यक्तिगत अनुभव ने उनके किरदार को वास्तविकता प्रदान की। उन्होंने अपने अभिनय और सार्वजनिक मंच का इस्तेमाल दिव्यांग लोगों की सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा उनके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए किया।
वर्ष 2008 से 2013 तक पांच सीजन में प्रसारित हुई ‘ब्रेकिंग बैड’ को टेलीविजन इतिहास की चर्चित सीरीज में गिना जाता है। इस शो ने अपने कलाकारों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और आज भी इसे व्यापक रूप से याद किया जाता है।
मिट्टे के निधन की खबर पर उनके सह-कलाकारों ने भी दुख जताया। सीरीज में जेसी पिंकमैन की भूमिका निभाने वाले अभिनेता एरन पॉल ने उन्हें याद करते हुए कहा कि वह इस खबर से स्तब्ध हैं। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा, “आरजे, मेरे दोस्त, मैं तुमसे प्यार करता हूं। तुम्हारी बहुत याद आएगी। आप अकेले नहीं हैं। हमेशा यह याद रखें।”
वहीं, ब्रायन क्रैंस्टन ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने मिट्टे के साथ बिताए पलों को याद करते हुए लिखा कि ‘ब्रेकिंग बैड’ में उनके बेटे की भूमिका निभाने वाले अभिनेता के निधन से वह बेहद दुखी हैं। क्रैंस्टन ने बताया कि जब उनकी पहली मुलाकात मिट्टे से हुई थी, तब वह महज 14 साल के थे। उन्होंने अभिनेता के जज्बे और प्रतिभा की भी सराहना की।
सीरीज में मिट्टे के ऑन-स्क्रीन अंकल और ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी के विशेष एजेंट की भूमिका निभाने वाले अभिनेता डीन नॉरिस ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मिट्टे के निधन की खबर से उनका दिल टूट गया है।
अभिनय के अलावा मिट्टे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे। उनके प्रतिनिधि के अनुसार, उन्होंने ‘द मिट्टे फाउंडेशन’ के अध्यक्ष के रूप में काम किया और समुदाय से जुड़े कई प्रयासों में योगदान दिया। वह दिव्यांग लोगों के प्रति समाज में मौजूद रूढ़िवादी धारणाओं को चुनौती देने और उनके लिए समान अवसरों की वकालत करने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।
आरजे मिट्टे का योगदान केवल अभिनय तक सीमित नहीं था। उन्होंने अपने जीवन और अनुभवों के माध्यम से दिव्यांगता के प्रति समझ बढ़ाने तथा समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में भी काम किया। उनके निधन से मनोरंजन जगत ने एक प्रतिभाशाली अभिनेता और दिव्यांग अधिकारों के समर्थक को खो दिया है।
