देहरादून पुलिस का सख्त सत्यापन अभियान: 1700 से अधिक किरायेदारों की जांच, 168 मकान मालिकों पर ₹16.80 लाख का जुर्माना

देहरादून। देहरादून पुलिस ने सोमवार तड़के सुबह जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस अभियान में 1700 से अधिक बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों व मजदूरों का पुलिस ने सत्यापन किया। मकान मालिकों द्वारा सत्यापन न कराने पर 168 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 83 पुलिस अधिनियम के तहत ₹16.80 लाख का जुर्माना भी वसूला गया।

पुलिस ने अभियान के दौरान 60 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की, हालांकि जांच में सभी सही पाए गए और उन्हें छोड़ दिया गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 107 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹26,750 का जुर्माना भी वसूला गया।


अभियान के मुख्य आंकड़े:

  • कुल सत्यापन किए गए: 1705
  • 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान: 168 मकान मालिक
  • जुर्माना (83 पुलिस एक्ट): ₹16,80,000
  • 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान: 107 व्यक्ति
  • जुर्माना (81 पुलिस एक्ट): ₹26,750
  • थाने लाए गए संदिग्ध व्यक्ति: 60

एसएसपी देहरादून की सख्त हिदायत

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का नियमित सत्यापन अभियान भी चलाएं। इस निर्देश के अनुपालन में ही यह कार्रवाई की गई, जिसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।


पुलिस की अपील:

देहरादून पुलिस ने जनता से अपील की है कि सभी मकान मालिक अपने किरायेदारों और घरेलू कर्मचारियों का समय पर सत्यापन करवाएं, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें।