Congress should respect women, the character of society is not determined by a few cases BJP state media in-charge Chauhan hits back
देहरादून — प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “कांग्रेस को महिलाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए व कुछ गिने-चुने मामलों को पूरी मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व बताना एक विकृत मानसिकता को भी दर्शाता है।”
चौहान ने कहा कि अब तक प्रदेश में जितने भी महिला उत्पीड़न के मामले सामने आए हैं, उन पर त्वरित कार्रवाई भी की गई है और आरोपी जेल के पीछे पहुंचाए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस को याद दिलाया कि “पहली निर्वाचित सरकार में ही महिला यौन शोषण के कई गंभीर मामले सामने आए थे, जिनमें बड़े नेताओं का नाम रैकेट से जुड़कर सामने भी आया था।”
“भाजपा ने राजनीति नहीं, न्याय को प्राथमिकता दी”
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने कभी महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों पर राजनीति नहीं की, बल्कि कानूनी प्रक्रिया को सम्मान देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित की।
“ऐसे इक्का-दुक्का मामले समूचे समाज या पार्टी के चरित्र को नहीं दर्शाते। भाजपा ने उन्हें राजनीतिक मुद्दा बनाने की बजाय कानून सम्मत रास्ता भी अपनाया”।
भाजपा का नारी सशक्तिकरण पर फोकस
चौहान ने भाजपा की “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी का चाल, चरित्र व चेहरा पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी में कोई आपराधिक प्रवृत्ति का सदस्य मिला, उसे तुरंत पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखाया गया, ना कि उसे संरक्षण दिया गया।
“भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जहां अनुशासन और संयम मूल मंत्र हैं, जबकि कांग्रेस बिना नीति और नीयत के एक ‘भानुमती का कुनबा’ बन गई है,” चौहान ने जोड़ा।
“दुष्प्रचार से नहीं रुकेगा महिला सशक्तिकरण का मिशन”
चौहान ने कांग्रेस पर भाजपा की महिला सशक्तिकरण नीति को दुष्प्रचार के जरिए कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि
“कांग्रेस के घृणित आरोप भाजपा की प्रतिबद्धता को डिगा नहीं सकते। भाजपा का लक्ष्य है हर महिला को सम्मान, सुरक्षा और अवसर देना, और यह लक्ष्य राजनीति से ऊपर है।”
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए महिला सम्मान के मुद्दे पर आत्ममंथन करने की नसीहत भी दी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में महिलाओं की गरिमा सर्वोपरि है और पार्टी हर स्थिति में दोषियों के खिलाफ सख्त रुख भी अपनाती रही है।
