अल्मोड़ा दौरे में सीएम धामी के काफिले के सामने कांग्रेस का विरोध, कई कार्यकर्ता हिरासत में
अल्मोड़ा के दन्या बाजार में सीएम पुष्कर सिंह धामी के दौरे के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के सामने पहुंचकर काले झंडे दिखाए व सरकार विरोधी नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला दन्या बाजार पहुंचा, कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक ही सड़क पर उतर आए व हाथों में काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल भी बन गया।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस व सुरक्षा बल तुरंत सक्रिय हुए और प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास भी किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर दन्या थाने में भेज दिया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उनका विरोध राज्य सरकार की नीतियों, बेरोजगारी, पेपर लीक मामलों, महिला सुरक्षा व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर था। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में अब तक कार्रवाई न होने से जनता में आक्रोश भी है।
पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया और इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने अपने कार्यक्रम के तहत चंपावत के बनबसा में योग दिवस पर हिस्सा लेने के बाद अल्मोड़ा जिले के दन्या क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत भी की।