उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस, दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगी कुमारी सैलजा

उत्तराखंड में चुनावी तैयारियों को धार देने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। एआईसीसी महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रही हैं। कांग्रेस भवन में संगठन और चुनावी रणनीति को लेकर कई अहम बैठकें होंगी, जबकि वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक भी लिया जाएगा।

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी तैयारियां भी तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा बुधवार से दो दिवसीय दौरे पर देहरादून में पहुंच रही हैं। इस दौरान कांग्रेस भवन में संगठनात्मक मजबूती व चुनावी रणनीति को लेकर बैठकों का दौर चलेगा।

कुमारी सैलजा प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, विधायकों व संगठन के पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात कर जमीनी हालात, संगठन की स्थिति व आगामी चुनावों को लेकर फीडबैक लेंगी। साथ ही पार्टी की चुनावी रणनीति को और भी प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की जाएगी।

बताया जा रहा है कि सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचने के बाद कुमारी सैलजा सबसे पहले जिला व महानगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों की बैठक लेंगी। इसके बाद महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व अन्य अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान व पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगी।

शाम के समय वह वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व मंत्रियों व विधायकों से एक-एक कर मुलाकात करेंगी और आगामी चुनावों को लेकर सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त करेंगी।

18 जून को दोपहर 12 बजे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें चुनावी रणनीति व संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।

कांग्रेस मीडिया कमेटी के अध्यक्ष राजीव महर्षि ने बताया कि प्रदेश प्रभारी के दौरे की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि बैठकों के समन्वय के लिए सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा देहरादून में पहुंच चुके हैं।

गौरतलब है कि कुमारी सैलजा हाल ही में गढ़वाल व कुमाऊं मंडल का 5-5 दिन का व्यापक दौरा कर चुकी हैं। अब दोबारा प्रदेश दौरे के जरिए वह संगठन को चुनावी मोड में लाने व कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का प्रयास करेंगी।