An earthquake alert siren will sound on mobile phones in Uttarakhand at 11 AM on Friday; do not panic.
देहरादून। उत्तराखंड में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के परीक्षण के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे लोगों के मोबाइल फोन पर सायरन बजेगा। यह किसी वास्तविक भूकंप की चेतावनी नहीं होगी, बल्कि प्रणाली की जांच और लोगों को अलर्ट की आवाज से परिचित कराने के लिए किया जाने वाला परीक्षण है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। हर महीने की 9 तारीख को सायरन बजाकर लोगों को इसकी आवाज से परिचित कराया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में वे अलर्ट को पहचान सकें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। परीक्षण के दौरान किसी स्थान पर सायरन या प्रणाली में तकनीकी समस्या सामने आती है, तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा।
राज्य में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की तैयारी भी की जा रही है। इसके तहत सेंसर और सायरन की संख्या दोगुनी करने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, पांच से दस किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि भूकंप की स्थिति में लोगों तक समय रहते चेतावनी पहुंचाई जा सके।
