Preparations for Chardham Yatra are in the final stage, vehicles will be checked online, there will be relief from traffic jam
देहरादून (हरबर्टपुर) | 30 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर हरबर्टपुर समेत पूरे विकासनगर क्षेत्र में तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस बार चारधाम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरबर्टपुर अंतरराज्यीय बस अड्डे को पूरी तरह से व्यवस्थित और सुविधा युक्त बनाया जा रहा है। वहीं, विकासनगर में भी इस बार पहली बार यात्रियों के पंजीकरण के लिए विशेष काउंटर खोले जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए खास इंतजाम
हरबर्टपुर बस अड्डे पर यात्रियों को धूप और गर्मी से राहत देने के लिए जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रतीक्षारत यात्रियों के बैठने के लिए दरियों और गर्मी से राहत के लिए कूलर की व्यवस्था भी की जा रही है। बीते वर्ष यात्रियों द्वारा पानी, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इस बार 25-25 हजार लीटर की दो स्थाई पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में शौचालयों का भी निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
प्रशासनिक निगरानी में तेज़ी से चल रहा काम
चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कुछ दिन पहले एडीएम वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए थे। क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी समयबद्ध रूप से काम पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही गढ़वाल कमिश्नर ने भी 27 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के आदेश जारी किए हैं।
चारधाम यात्रा में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं, ऐसे में इस बार यात्रियों को एक बेहतर अनुभव देने के लिए प्रशासन हर स्तर पर जुटा हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार यात्रियों को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
