कंबल वितरण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल
देहरादून। व्यापार मंडल प्रेम नगर एवं महावीर सेवा समिति द्वारा प्रेम नगर में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग भी किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरित कर उन्हें ठंड से राहत प्रदान की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उपस्थित जनसमूह को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया वर्ष सेवा व समर्पण का संदेश लेकर आया है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना ही सच्चा मानव धर्म है और ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक सोच व आपसी सहयोग को मजबूत करते हैं।
मंत्री गणेश जोशी ने व्यापार मंडल प्रेम नगर एवं महावीर सेवा समिति के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए इस पुनीत जनसेवा कार्य के लिए उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूषण भाटिया, महामंत्री फकीर चंदा, विक्की खन्ना सहित अनेक लोग भी उपस्थित रहे।