भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बड़ा बयान – पंचायत चुनाव में सभी सीटों पर जीत का दावा, कांग्रेस पर कसा तंज
देहरादून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आज सोमवार को देवभूमिवासियों की ओर से बधाई देते हुए भाजपा की उपलब्धियों का बखान किया। पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के ये 11 वर्ष “सुशासन, सेवा और संकल्प” के रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।
भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति भी की है। मोदी सरकार की 11वीं वर्षगांठ पर राज्यभर में जनसभाएं, संवाद, प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं व पत्रकार वार्ताओं की श्रृंखला शुरू की जा रही है। इसकी शुरुआत 10 जून को सीएम पुष्कर सिंह धामी की प्रेस वार्ता से होगी।
पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा का दावा –
“प्रधान और बीडीसी सीटों पर भी भाजपा कार्यकर्ता मैदान में होंगे”
महेंद्र भट्ट ने पंचायत चुनावों को लेकर स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अधिकतर सीटों पर भाजपा का ही कमल खिलेगा। इस बार पार्टी ने रणनीति बनाई है कि न केवल जिला पंचायत बल्कि प्रधान व बीडीसी सदस्य पदों पर भी पार्टी कार्यकर्ता चुनाव भी लड़ेंगे।
कांग्रेस पर तंज –
“कांग्रेस में बचे हैं लंगड़े घोड़े, दौड़ने वाले सब भाजपा में आ चुके हैं”
एक सवाल के जवाब में भट्ट ने कांग्रेस के हालात पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की दुर्दशा इसलिए है क्योंकि उसके पास अब सिर्फ ‘लंगड़े घोड़े’ ही बचे हैं। जो सक्षम और जनाधार वाले नेता थे, वे भाजपा में आ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि शेष भी 2027 तक भाजपा में ही आ जाएंगे।
बेटी बचाओ अभियान पर पलटवार –
“हमारी सरकार दोषियों पर कठोर कार्रवाई करती है, कांग्रेस ने अपराधियों को बचाया”
भट्ट ने कांग्रेस के ‘बेटी बचाओ’ अभियान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महिला अपराध के मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई भी की जाती है, जबकि कांग्रेस सरकारों ने ऐसे मामलों में अपने नेताओं को बचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की हैं और उन पर राजनीति नहीं की, जैसा कांग्रेस कर ही रही है।
नया अस्थायी कार्यालय –
“कार्यालय निर्माण के दौरान अस्थायी स्थान से चलेगा पार्टी संचालन”
भट्ट ने पार्टी कार्यालय के विस्तार को लेकर कहा कि बढ़ते संगठनात्मक कार्यों के लिए नया भवन जरूरी हो गया था। इस निर्माण अवधि में भाजपा प्रदेश कार्यालय की गतिविधियां अस्थायी भवन से ही संचालित होंगी।
महेंद्र भट्ट के इन बयानों ने जहां भाजपा के पंचायत चुनावी रणनीति की झलक दी, वहीं कांग्रेस पर तीखे हमले से अब राज्य की सियासी गर्मी भी बढ़ा दी है।