Don't worry if your name has been removed from the electoral roll; existing voters can also submit Form 6—Election Commission provides relief.
चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट गए हैं या शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए राहत की खबर है। ऐसे मतदाता बिना किसी डर के अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भर सकते हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद चुनाव आयोग ने इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि ड्राफ्ट मतदाता सूची से बाहर हुए पुराने मतदाताओं को नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने में घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसा करने पर उनके खिलाफ किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। आयोग ने अपने फैसले के समर्थन में दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के आदेश का हवाला दिया है। कोर्ट ने कहा था कि पहले मतदाता रह चुके व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट सूची से कटने के बाद फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं माना जा सकता। ऐसे आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
दरअसल, एसआईआर के बाद जारी ड्राफ्ट सूची में कई पुराने मतदाताओं के नाम गायब मिले थे। इसके बावजूद वे फॉर्म-6 भरने से हिचकिचा रहे थे। इसकी वजह यह थी कि फॉर्म-6 में आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। पुराने मतदाताओं को आशंका थी कि पहले से वोटर होने के कारण उनकी घोषणा गलत मानी जा सकती है और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा-31 के तहत मुकदमा दर्ज हो सकता है।
अब चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं होने पर अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नए सिरे से फॉर्म-6 भरना होगा। पहले मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के बावजूद इसे गलत घोषणा नहीं माना जाएगा। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को भी निर्देश दिए गए हैं कि केवल इस आधार पर किसी मतदाता के खिलाफ कार्रवाई न की जाए। हालांकि, इसके लिए शर्त यह है कि आवेदक का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए।
